
डीडीहाट। कैलास-मानसरोवर यात्रा के नौ दल इस बार भगवान भोले के दर्शन नहीं कर सकेंगे। कुमाऊं में भारी आपदा को देखते हुए दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने बुधवार शाम को ये निर्णय लिया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की सातवीं वाहिनी के कमान अधिकारी केदार सिंह रावत ने इसकी पुष्टि की है।
कमान अधिकारी ने बताया कि बैच दो से दस तक इस बार कैलास यात्रा नहीं कर पाएगा। 22 जुलाई को दिल्ली से 11वां दल अल्मोड़ा पहुंचेगा।
इस बार कुल 18 दलों को कैलास-मानसरोवर यात्रा करनी थी। मगर नौ दलों को यात्रा की अनुमति वापस लिए जाने से कुल नौ ही दल यात्रा कर सकेंगे। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद यह पहली बार हुआ जब कैलास यात्रा के निर्धारित दल यात्रा नहीं कर सकेंगे।
