
लोहाघाट। नगर से कैलास मानसरोवर तीर्थयात्रा में गए श्रद्धालुओं का यहां पहुंचने पर स्वागत किया गया। इन लोगों ने नेपाल के रास्ते कैलास मानसरोवर की यात्रा की।
दल में फार्मासिस्ट कुलदीप राय, कोलीढेक के मोहन सिंह ढेक, उनकी धर्मपत्नी पुष्पा ढेक शामिल हैं। श्रीमती पुष्पा जिले की पहली महिला हैं जिन्होंने मानसरोवर तीर्थयात्रा की है। ढेक दंपति ने कैलास मानसरोवर, कैलास पर्वत और गौरीकुंड का जल अपने साथ लाकर यहां के प्रसिद्ध ऋषेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की, जबकि तीसरे यात्री कुलदीप राय पूर्ण विधिविधान के साथ सोमवार को जलाभिषेक करेंगे। तीनों ही यात्री सकुशल आने पर वे और उनके परिजन बेहद खुश हैं। उनके यहां आते ही पूरा वातावरण हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजित हो गया।
तीनों ही यात्रियों ने नेपाल के रास्ते मानसरोवर की यात्रा पूरी की। तीनों ने पूरी यात्रा पैदल तय कर वहां की परिस्थितियों और धार्मिक महत्व का भी अध्ययन किया। यहां पहुंचने पर उनके घरों में बधाई देेने वालों का तांता लगा हुआ है। हर व्यक्ति मानसरोवर यात्रा के स्मरण सुनने के लिए बेताब है। यात्रियों का कहना है कि शिव शक्ति ने ही उन्हें ऐसे संसार में पहुंचा दिया, जहां धरती में स्वर्ग की कल्पना साकार होती है। तीर्थयात्रियों का स्वागत करने वालों में चेयरमैन लता वर्मा, गंगा ढेक, जानकी ढेक, बबीता, बसंती, रेखा, नरेश, केदार सिंह, एलएम भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद वर्मा आदि शामिल थे।
