कैंसर पीड़ित पत्नी के उपचार को मांगी मदद

मंगलौर। जासूसी के आरोप में 13 साल पाकिस्तान की जेल में यातना सहने वाले मनोज दीक्षित ने पत्नी के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। मनोज की पत्नी कैंसर से पीड़ित है और उसका उपचार लखनऊ के राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस में चल रहा है। मनोज दीक्षित टूरिस्ट वीजा पर पाकिस्तान गए थे। पाक पुलिस ने उन्हें जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। 1992 से लेकर 2004 तक वह पाकिस्तान की जेल में बंद रहे। 13 साल में रिहा होने के बाद से वह लिब्बरहेड़ी में एक ईंट भट्ठा में मुंशी की नौकरी करने लगा। मनोज की पत्नी शोभा कैंसर से पीड़ित है। पत्नी की देखभाल में मनोज की नौकरी भी चली गई। पत्नी के इलाज में जमापूंजी समाप्त होने के चलते अब आगे के इलाज के लिए उसने लोगों से मदद मांगी है। मनोज नजीबाबाद के रहने वाले हैं।

Related posts