कैंटीन में वैट बढ़ोतरी से महंगा मिल रहा सामान

बैजनाथ (कांगड़ा)। भाजपा के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री कर्नल रंजीत सिंह और सचिव मुख्तियार कटोच ने कहा कि कांग्रेस के सत्तासीन होते ही इस वर्ग के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार शुरू हो गया है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने खजाने में बढ़ोतरी करने के लिए पूर्व सैनिकों को कैंटीन से मिलने वाले सामान पर 4 प्रतिशत वैट लगा कर उनको अर्से से मिल रही इस सस्ती सुविधा को महंगा कर दिया है। वर्तमान में प्रदेश में एक लाख 24 हजार 880 पूर्व सैनिक , एक लाख 25 हजार 220 सैनिक, 1064 वीर नारियां और 23924 के करीब पूर्व सैनिकों की विधवाएं हैं। इस प्रकार करीब 9 लाख लोग सीधे कैंटीन पर निर्भर हैं। वैैट में बढ़ोतरी के कारण अधिकांश वस्तुएं बाजार में सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं, जबकि कैंटीन में महंगी पड़ रही हैं। प्रदेश में एक भी कैंटीन डिपो उपलब्ध न होने का खामियाजा इस वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में कैंटीनों को दो प्रतिशत वैट चुकाना पड़ रहा है। भाजपा सरकार ने ऊना में कैंटीन डिपो खोले जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन केंद्र की कांग्रेस सरकार ने अब तक इस तरफ ध्यान नहीं दिया है। कैं टीन डिपो की शुरुआत से वैट की दर को कम किया जा सकता है। उन्हाेंने सरकार से वैट वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि कार्रवाई जल्द न होने पर इस वर्ग के लोगों को आंदोलन की राह पकड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related posts