
कंडीसौड़ (टिहरी)। कौंसल में नवनिर्मित हाईस्कूल भवन का लोकार्पण टिहरी की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान के लिए नहीं दी जानी चाहिए, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास और समाज में जागरूकता इसका उद्देश्य होना चाहिए। विद्यालय की चाहर दीवारी निर्माण के लिए उन्होंने डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधायक महावीर रांगड़ ने छात्र-छात्राओं से सफल जीवन के लिए मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। ब्लाक प्रमुख रजनी सजवाण ने कहा कि युवा वर्ग ही देश को नई दिशा दे सकता है। प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी, अभिभावक संघ के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह भंडारी ने विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई। छात्र-छात्राओं की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर विद्यालय भवन निर्माण के लिए 10 नाली भूमि दान देने वाले बैशाख सिंह भंडारी का फूल-मालाआें से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, पूर्व अध्यक्ष अतर सिंह तोमर, मंडल अध्यक्ष शंभु प्रसाद सकलानी, उप प्रमुख रामलाल खंडूड़ी, जिला पंचायत सदस्य जीत सिंह चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य भौ सिंह भंडारी, राजेंद्र जुयाल, यशवंत सिंह बिष्ट, सोबत सिंह पवंार आदि उपस्थित थे।
