केलांग में भाजपा का अनिश्चितकालीन धरना

केलांग (लाहुल-स्पीति)। माइनस तापमान की परवाह न करते हुए भारतीय जनता पार्टी लाहौल-स्पीति ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में रविवार शाम से अनिश्चितकालीन धरना आरंभ कर दिया है। माइनस 17 डिग्री तापमान में भाजपा जिला महामंत्री अजय बौद्ध तथा मीडिया प्रभारी दोरजे उपासक ने डीसी कार्यालय परिसर में रात गुजार कर सरकार के प्रति जन आक्रोश को व्यक्त किया। उपायुक्त कार्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार को अल्टीमेटम दिया कि सरकार ने गंभीरता से मांगों को नहीं माना तो जिला भाजपा अपना संघर्ष तेज करते हुए आमरण अनशन का क्रम आरंभ कर देगी। जिला महामंत्री अजय बौद्ध ने कहा कि जिले में अस्सी के दशक के बाद पहली मर्तबा किसी राजनीतिक दल ने कड़ाके की ठंड में धरने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हवाई सेवाओं को नियमित करने के लिए भाजपा ने संघर्ष का बिगुल फूंक कर जनहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों के लिए हवाई सेवा अनिवार्य सेवा बन चुकी है। लचर स्वास्थ्य सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव, बजट में कटौती सहित कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर भाजपा अपना विरोध दर्ज कर रही है। बौद्ध ने कहा कि नियमित उड़ानों के अभाव में कर्मचारी, मरीज तथा स्कूली छात्र परेशान हैं। सरकार नियमित उड़ानों को तरजीह न देकर जनता को बेवजह तंग कर रही है। इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष छेवांग युनापा, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष नवांग उपासक, जिला प्रवक्ता श्याम नलवा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष तंजिन नोरबू, केलंग पंचायत प्रधान सुशील कुमार, अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री अमर सिंह सक्रिय कार्यकर्ता ज्ञुरमेद, संजय, धर्मवीर, वीरेंद्र, सोनम अंगरूप, मंगल चंद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts