केरटा में दो गौशालाएं जलीं

कांगड़ा। सुन्ही के साथ सटे केरटा गांव के साथ जंगल में आग लगने से दो गौशालाएं जलकर राख हो गईं। हालांकि, हादसे के वक्त गौशालाओं में मवेशी नहीं थी। इन गौशालाओं के भीतर रखा सारा सामान जल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा के साथ लगते इलाके केरटा गांव में मंगलवार दोपहर दो गौशालाओं में आग लग गई। बताया जा रहा है कि पास लगते जंगल में लगी आग की लपटें गौशाला तक भी पहुंच गईं और गौशालाएं जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना दमकल विभाग के साथ साथ स्थानीय प्रशासन को दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मी प्रकाश चंद, सुनील, प्रवीण कुमार और रविंद्र भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक एक गौशाला जलकर राख हो गई थी। जबकि दूसरी काफी मशक्कत के बाद भी गौशाला आग की लपटों में राख होने से नहीं बच सकी। एसडीएम अजीत भारद्वाज, डीएसपी अशोक वर्मा व बड़ोह के तहसीलदार रविंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। गौशाला की मालिक वीना देवी और मलिका देवी को फौरी राहत के तौर पर पांच पांच हजार रुपए आर्थिक सहायता के रुप में दिए गए हैं। एसडीएम अजीत भारद्वाज ने राजस्व महकमे को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

Related posts