
रिवालसर (मंडी)। बल्ह के सिध्याणी दूरभाष केंद्र में हुई केबल चोरी के मामले के मुख्य सरगना को रिवालसर पुलिस ने बैजनाथ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ लाला सिंह लाली उर्फ सोनू पुत्र सरीफ मोहम्मद गांव ढाढ खड़यार डाकघर कलेल, तहसील चौराह जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गत वर्ष 13 अप्रैल को नूर मोहम्मद और उसके चार साथियों ने दूरभाष केंद्र सिध्याणी के लुखवाणा गांव में लाखों रुपये की केबल चोरी की थी। चोरी के समय रात को करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीणों ने उनके एक साथी को दबोच लिया था। तीन अन्य भागने में कामयाब हो गए थे। चोर गिरोह का मास्टर माइंड नूर मोहम्मद हिमाचल के दूसरे स्थानों में भी टायर चोरी और मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। बल्ह पुलिस ने इसके चार साथियों बालदीन, राजदीन, नूर मोहम्मद और याकूब को पहले ही हिरासत में ले लिया था। रिवालसर पुलिस ने मुख्य सरगना नूर मोहम्मद को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। चौकी प्रभारी एसके गुलेरिया ने गुप्त सूचना और योजनाबद्ध तरीके से सरगना नूर मोहम्मद को बैजनाथ से दबोचा है।
