केदारनाथ में पुल का 50 फीसदी कार्य पूरा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में लोनिवि ने मंदाकिनी नदी पर निर्माणाधीन पुल का लगभग 50 फीसदी काम पूर्ण कर लिया है। मौसम भी इस काम में बाधक बन रहा है, जिस कारण भीमबली मेें बनने वाले पुल की निर्माण सामग्री अभी भी चार धाम हेलीपैड (जाखधार) में पड़ी हुई है। वहीं पुलिस और एनडीआरएफ एक सप्ताह बाद धाम में मलबे से दोबारा शवों को खोजने की कार्रवाई शुरू करेगी। धाम में एसआई विपिन चंद्र पाठक के नेतृत्व में 16 पुलिस कर्मी और 10 एनडीआरएफ के जवान मौजूद हैं। इसके अलावा उरेडा, जल संस्थान और लोनिवि के कर्मचारी और मजदूर विभागीय व्यवस्थाएं बहाल करने में जुटे हुए हैं।
केदारनाथ पहुंचने के लिए मंदाकिनी नदी पर और रामबाड़ा में इन दोनों पुलों और पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण होना आवश्यक है। वर्तमान में लोनिवि सोनप्रयाग से रामबाड़ा तक पैदल मार्ग को दुरुस्त कर रहा है, जबकि रामबाड़ा से ऊपर सर्वेक्षण चल रहा है। केदारनाथ यात्रा रूट की व्यवस्थाएं देख रहे एसडीएम केके मिश्र ने बताया कि उरेडा ने 100 किलोवाट की माइक्रो हाइडिल योजना शुरू कर दी थी, लेकिन लो-वोल्टेज के कारण दिक्कतें आ रही थी, जिसे उरेडा के इंजीनियर दुरुस्त कर रहे हैं।

Related posts