
केदारनाथ धाम में आए जल प्रलय के बाद से ठप भगवान केदारनाथ की पूजा 11 सितंबर से दोबारा शुरू हो जाएगी।
पुजारियों और मंदिर समिति के सदस्यों का दल 10 को केदारनाथ पहुंच जाएगा। 11 को सुबह 7 से 11 बजे तक विधिवत पूजा होगी, लेकिन केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
पढ़ें, मुंह उठाया और चल दिए केदारनाथ, अब नहीं चलेगा
इस संबंध में 30 सितंबर को बैठक होगी, जिसमें निर्णय लिया जाएगा। हालांकि मौसम को लेकर सरकार अभी भी सशंकित है, जिसके लिए जिला प्रशासन को मौसम की दुश्वारियों से निपटने के इंतजाम करने को कहा गया है।
बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ रविवार को हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने पत्रकारों को बताया कि मंदिर तक वही व्यक्ति जाएगा, जिसे जिला प्रशासन अनुमति देगा। मंदिर में पूजा अनवरत रखने को मंदिर समिति के 24-24 सदस्यों और पुजारियों की 10-10 दिन की ड्यूटी रहेगी।
धाम के कपाट बंद होने तक होगी पूजा
दीपावली के बाद यम द्वितीया (भैया दूज) को केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने तक पूजा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ में बिजली, पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। केदारनाथ को जोड़ने वाले ब्रिज भी बना दिए गए हैं। रहने और खाने की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।
वहीं बीएसएनएल के टावर को फिर से चालू कर फोन नेटवर्क बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। केदारनाथ हेलीपैड बना लिया गया है। हेलीपैड से मंदिर तक का रास्ता भी बन चुका है। प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ की टीम वहां तैनात है।
