केदारनाथ त्रासदी नहीं रोक पाई भोले के भक्तों की राह

भरमौर (चंबा)। भोले बाबा के दर्शन की चाह में शिव भक्त कैलाश की ओर रूख करने लग पड़े हैं। पिछले महीने केदारनाथ में प्राकृतिक आपदा के कारण हुए भारी नुकसान की परवाह किए बिना भोले के भक्त पवित्र कैलाश की ओर जुटने शुरू हो गए हैं। दो दर्जन के करीब पंजाब से आए शिव भक्त भरमाणी माता के दर्शन करके कैलाश की ओर रवाना हो गए हैं। इसके अलावा लाहुल स्पीति से भी भारी तादाद में श्रद्धालु मणिमहेश की ओर जा रहे हैं। रोजाना 200 के करीब श्रद्धालु कैलाश पर्वत के दर्शन करके वापिस लौट रहे हैं।
श्रावण माह शुरू होते ही अब शिव भक्त भोले के दर्शन के लिए घर से निकलना शुरू हो गए हैं। पंजाब से आए राजीव, परमीत, संजीव, सुरेश ने बताया कि हाल ही में केदारनाथ में हुई प्राकृतिक आपदा का उन्हें कोई खौफ नहीं है। उन्होंने कहा कि मौत तो कहीं भी कभी भी आ सकती है। भोले बाबा के दर पर मौत मिल जाए तो इससे अच्छा और क्या चाहिए। वह तीसरी बार मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे हैं। जब वह पहले यहां आए थे तो काफी भीड़ थी। इसके चलते वे यात्रा शुरू होने से पहले ही भोले बाबा के दर्शन करने पहुंच गए।
उल्लेखनीय है कि प्रशासनिक तौर पर 28 अगस्त से मणिमहेश यात्रा शुरू होगी लेकिन अभी से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। स्थानीय होटल व्यवसायी पप्पू शर्मा, सुनील, विजय और राकेश ने बताया कि 200 के करीब श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा पर पहुंच रहे हैं। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है।

Related posts