
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में चौथे दिन मौसम साफ होने पर हेलीकाप्टराें ने केदारनाथ के लिए उड़ान भरी। केदारनाथ में तैनात जवानाें की अदला-बदली के साथ वहां रसद भी पहुंचाई गई। हालांकि शाम चार बजे बाद घाटी में फिर से बारिश शुरू हो गई।
बुधवार को सुबह मौसम खुलने पर पहली फ्लाइट से मंदाकिनी में बहे एसडीएम अजय अरोड़ा के भाई संजीव अरोड़ा और उनके मित्र राजू को अधिकारियाें के साथ केदारनाथ भेजा गया। उन्हें करीब दो-तीन घंटे केदारनाथ में घटनास्थल और एसडीएम की खोज के लिए चलाए जा रहे रेसक्यू कार्य के संबंध में बताया गया। इसके बाद अपराह्न साढ़े तीन बजे उन्हें हेलीकाप्टर से घर वापस भेज दिया गया। बुधवार को डीआईजी जीएस मर्तोलिया, एएसपी नवनीत भुल्लर, सीओ स्वप्निल किशोर, तीन दारोगा, कांस्टेबल, पर्वतारोही और एनडीआरएफ के जवान केदारनाथ गए हैं। दस बीमार जवानाें को गुप्तकाशी लाया गया है।
