
शिमला। केएनएच (कमला नेहरू अस्पताल) शिमला में महिला मरीजों को 24 घंटे टेस्ट सुविधा देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वर्तमान में अस्पताल में सुबह केवल दो घंटे तक टेस्ट होते हैं। इसके बाद मरीजों को अस्पताल के आसपास निजी लेबोरेट्रियों का सहारा लेना पड़ता है। यहां रोगियों को भारी-भरकम टेस्ट फीस चुकानी पड़ती है। केएनएच की कार्यकारी कमेटी ने इस प्रस्ताव को मंजूर कर रोगी कल्याण समिति को अंतिम स्वीकृति के लिए भेज दिया है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद अस्पताल में सभी टेस्ट हर समय उपलब्ध होंगे। आपात स्थिति में महिला मरीजों को टेस्ट करवाने के लिए आईजीएमसी भी नहीं भेजना पड़ेगा।
सभी तरह के टेस्ट आउटसोर्स किए जाएंगे। मेडिकल टेस्ट शुल्क अस्पताल की ओर से निर्धारित दाम पर ही लिया जाएगा। मौजूदा समय में टेस्ट के लिए सुबह 11 बजे तक ही रोगियों से सैंपल लिए जाते हैं। इसके बाद मरीज को टेस्ट करवाने के लिए आईजीएमसी भेजा जाता है। दूसरा विकल्प मरीजों के पास निजी लैब रहती हैं। ऐसे में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
आरकेएस के पास मंजूरी को भेजा प्रस्ताव : एमएस
केएनएच के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. पीसी शर्मा ने बताया कि यहां टेस्ट सैंपल 24 घंटे लिए जाएं, इस दिशा में प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे कार्यकारी कमेटी की मंजूरी मिल चुकी है। इसे आगे स्वीकृति के लिए रोगी कल्याण समिति को भेज दिया गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू होगी। मरीजों से अस्पताल की ओर से निर्धारित दाम पर ही शुल्क लिया जाएगा। इससे जहां एक ओर मरीजों को आईजीएमसी जाने से राहत मिलेगी वहीं, निजी लैबों में भारी भरकम फीस देने से भी छुटकारा मिलेगा।
यह है अस्पताल के टेस्ट रेट
एक्सरे – 15
अल्ट्रा साउंड 60
यूरिक एसिड 25
कलर डाप्लर 200
ईसीजी 30
कैलशियम 25
प्रोटीन 25
शुगर टेस्ट(पांच सैंपल) 50
एचबी 05
टीएलसी 10
ईएसआर 10
स्माल बायऐप्सी
