
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल में बुधवार को तय समय पर टेस्ट लैब न खुलने के कारण जम कर बवाल हुआ। लैब खुलने से करीब आधा घंटा पहले ही मरीज पर्चियां लेकर लैब के बाहर जुट गए थे, लेकिन तय समय पर लैब न खुलने के कारण मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
केएनएच में टेस्ट लैब खुलने का समय सुबह साढे़ नौ बजे है, लेकिन दस बजे से पहले लैब खोलने की जहमत नहीं उठाई जाती। बुधवार को भी साढ़े नौ बजे लैब नहीं खुली जिसके कारण मरीज व उनके तीमारदार भड़क गए। लैब में टेस्ट करवाने पहुंची फागली की सरीता चौहान व अनु ने बताया कि दिन को लैब में रश बढ़ जाता है इसलिए वह सुबह जल्दी टेस्ट करवाने अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन लैब बंद होने के कारण जल्दी आने का कोई फायदा नहीं हुआ। लैब दस बजे के बाद खुली और तक तक भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। संजौली के नार्थ ओक से आए नोबल ठाकुर ने बताया कि पिछले कल टेस्ट हुए थे, रिपोर्ट लेनी थी। सोचा था दस बजे आफिस पहुंचने से पहले रिपोर्ट ले लूंगा, लेकिन यहां लैब तय समय पर खोली ही नहीं गई। नोबल ठाकुर ने बताया कि अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है, इसकी शिकायत प्रशासन को करेंगे।
————————————-
– मैं खुद करूंगा लैब का निरीक्षण – डा. शर्मा
‘लैब के देरी से खुलने की यदि शिकायत आई है तो मैं खुद लैब का निरीक्षण करूंगा। अस्पताल के पूरे स्टाफ को पहले भी समय का पाबंद रहने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
– डा. पीसी शर्मा,
वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक,
कमला नेहरू अस्पताल
——————-
– स्टाफ की किल्लत ने बढ़ाई परेशानी
कमला नेहरू अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण रोगियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोजाना सैकड़ों महिला रोगी उपचार के लिए केएनएच पहुंचती हैं लेकिन डाक्टरों सहित अन्य स्टाफ की कमी के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ता है। स्टाफ की कमी को लेकर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. पीसी शर्मा का कहना है कि विभाग को स्टाफ की रिक्वायरमेंट भेजी गई है।
