
पांवटा साहिब(सिरमौर)। शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर का मामला संसद में उठाया जाएगा। पहाड़ी राज्य हिमाचल को नई नीति से अलग रखा जाए। नई व्यवस्था से प्रदेश के जंगलों को काफी क्षति पहुंचेगी जिसका सीधा असर देश-प्रदेश के पर्यावरण पर पड़ेगा। शिमला लोस क्षेत्र सांसद शनिवार को पांवटा विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूरे देश को शर्मसार किया है। कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार ने भ्रष्टाचार, घोटालों व महंगाई के नए रिकार्ड बना दिए हैं। रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि से महंगाई सातवें आसमान पर है।
सांसद ने कहा कि शिलाई विस क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के भीतर 74.5 लाख बजट विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किया गया है। 48 पंचायतों में से 35 में सामुदायिक भवन, संपर्क सड़कों समेत विभिन्न योजनाओं पर निधि खर्च हुई है जो कार्य पूरे नहीं हो सके, उनको तीन माह के भीतर पूरा करवाने को कहा है। सांसद ने कहा कि गिरिपार के हाटी क्षेत्र मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाते रहे हैं जिससे क्षेत्रवासियों को उनका जायज हक दिलवा सकें। सौंठ-अदरक पर आधारित यूनिट लगवाने को प्रयासरत है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुख राम चौधरी, शिलाई क्षेत्र विधायक बलदेव तोमर, शिलाई मंडल अध्यक्ष माया राम चौहान, पांवटा के मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, कुलदीप राणा, अनिल कूपर, पूरन ठाकुर, मनीष तोमर आदि मौजूद थे।
बाक्स…
सांसद के शिलाई क्षेत्र कार्यक्रम स्थगित : बलदेव तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिलाई विस क्षेत्र के विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि मौसम खराब होने के कारण सांसद के शिलाई क्षेत्र के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। सांसद का शिलाई के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम रखा गया था लेकिन मौसम काफी खराब होने से कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा है। अब तीन दिनों तक शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप पांवटा विस क्षेत्र का दौरा करेंगे। सांसद का शिलाई विस क्षेत्र दौरा अब मार्च माह में होगा।
