केंद्र सरकार से पत्र जल्द मिलने की उम्मीद

श्रीनगर। मेडिकल कालेज में नए सत्र वर्ष 2013-14 में एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं प्रवेश ले सकेंगे, एमसीआई की ओर से कालेज को इसके लिए संस्तुति मिल गई है। एमसीआई बोर्ड की दो जुलाई को हुई बैठक में बोर्ड ने अगले सत्र में एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश के लिए संस्तुत किया है। कालेज प्रशासन ने इसी सप्ताह संस्तुति संबंधी पत्र केंद्र सरकार की ओर से पहुंचने की उम्मीद जताई है।
बीते जनवरी माह की 22 से 24 जनवरी को एमसीआई ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में करीब 13 बिंदुओं पर पाई गई कमियों के आधार पर कालेज में नए सत्र के लिए एमसीआई ने रोक लगा दी थी। एमसीआई ने शासन की ओर से 15 दिन में अंडरटेकिंग की मांग भी की थी। बीती 29 मई को हुई बैठक में एमबीबीएस इंटर्न, ऑडिटोरियम सहित कई अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से जारी बजट के शासनादेश की प्रति मांगी गई थी, जिसे मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. वीएल जहागिरदार ने एमसीआई के समक्ष प्रस्तुत किया था। मंगलवार को बोर्ड बैठक में देश भर के 31 मेडिकल कालेजों के लिए लिए गए निर्णयों में श्रीनगर मेडिकल कालेज में नए सत्र वर्ष 2013-14 के लिए 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश को बोर्ड ने संस्तुति दे दी है। बैठक में बोर्ड ऑफ गवर्नेस के अध्यक्ष डा. आरके श्रीवास्तव, सदस्य डा. केएस शर्मा, डा. के मोहनदास, डा. राजा बाबू पंवार, डा. बीके राव, डा. एकेवर्द्धन, डा. मनोज के सिंह तथा सदस्य सचिव डा. आरपी मीना आदि मौजूद थे।
– एमसीआई की वेबसाइट पर दर्ज सूचना के अनुसार, बोर्ड ने अगले सत्र के लिए संस्तुति दे दी है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई लिखित सूचना हमारे पास नहीं पहुंची है। – डा. वीएल जहागिरदार, राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर।

Related posts