
चंडीगढ़

पंजाब में पेट्रोल और डीजल बुधवार सुबह छह बजे से दो रुपये महंगा हो जाएगा। ऐसा पंजाब सरकार द्वारा दोनों के मूल्य में वैट दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जाने के कारण हुआ है। पंजाब सरकार ने मंगलवार शाम को पंजाब वैल्यू एडेड एक्ट, 2005 की अनुसूची में संशोधन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी।
उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एतिहासिक गिरावट के बाद देश में राहत की उम्मीद कर रहे लोगों को केंद्र सरकार ने झटका दिया है। मंगलवार देर रात पेट्रोल पर 10 रुपये और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया गया गया। इससे ग्राहकों को तेल की कीमतों में कमी का फायदा नहीं मिलेगा।
