केंद्रीय भूतल मंत्री को बताए विकल्प

बड़ोग (सोलन)। केंद्रीय भूतल व परिवहन मंत्री आस्कर फर्नांडिस ने फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं को सुना। वह शिमला जाते समय कुछ देर के लिए बड़ोग स्थित पर्यटन विभाग के होटल पाइनबुड में कुछ देर के लिए रुके। इस दौरान फोरलेन प्रभावितों का एक दल ने समस्याएं बताई। प्रभावितों ने मंत्री को बताया कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी के सर्वे के अनुसार करीब 3000 से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अथॉरिटी के पास फोरलेन निकालने के लिए विकल्प हैं। इसे सोलन के बाहर से कंडाघाट के लिए निकाला जा सकता है। विकल्प के तौर पर कुम्मारहट्टी से सुरंग खोदकर कायलर गांव के पास निकाली जाए, उसके बाद डांगरी पंचायत, गुग्गाघाट, पार्टी, क्वारग होते हुए कैथलीघाट मुख्य हाइवे में जोड़ी जाए। इससे हजारों लोगों का आशियाना बचेगा। मगर फोरलेन अथॉरिटी इस विकल्प की ओर ध्यान नहीं दे रही। इसका लाभ यह होगा की इसमें बहुत कम लोग प्रभावित होंगे। उन्होंने विकल्प के साथ उन्हें नक्शा भी दिखाया। इस पर मंत्री ने प्रभावितों को आश्वासन दिया कि वह शिमला में फोरलेन अधिकारियों की एक बैठक लेंगे। उसमें लोगों के विकल्प के बारे में भी विचार करेंगे। बैठक के लिए वह प्रभावितों में से कुछ लोगों को भी आमंत्रित कर गए। बड़ोग पहुंचने पर सामाजिक अधिकारिता एवं न्याय मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रभावितों में चंबाघाट से कर्नल सीआर ठाकुर, धीरज सूद, बीएस मेहता, देसराज शर्मा, देवराज वर्मा, अश्विनी, कैलाश शर्मा, रमेश शर्मा, संजय शर्मा, शिव कुमार, सलोगड़ा से रामस्वरूप शर्मा, गीताराम, कंडाघाट से उमेश शर्मा, अनिल शर्मा समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts