
बिलासपुर। यूपीए-2 काअंतिम बजट कहीं खुशी तो कहीं उदासी लेकर आया है। रसोई गैस के बढ़ते दामों पर अंकुश लगाने को ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इससे गृहिणियां नाराज है तो देसी मोबाइल सस्ता होने और शिक्षा ऋण पर सब्सिडी से युवा गदगद हो गए हैं। अमर उजाला ने इस बारे आम जनता की राय जानी। बजट से कोई खुश दिखा तो कोई उदास।
क्या कहती है गृहिणियां
1. बिलासपुर की प्रवीन का कहना है कि टीवी व फ्रिज के दामों के कम होने से क्या फायदा होगा। जब रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे है।
2. उमा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों के दाम लगातार बढ़ रहे है। सरकार को चाहिए की वह रोजमर्रा की चीजों के दामों पर अंकुश लगाए।
3. शिवानी का कहना है कि चाह कर हर रोज सब्जी नहीं खरीद पाते है। फ्रिज भी तभी फायदेमंद होगा, जब घर में सब्जियां सस्ते दामों पर मिलेगी।
4. वंदना देवी ने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवारों को टीवी व फ्रिजों के सस्ता होने से कोई फायदा नहीं होगा। रसोई गैस के दामों को बढ़ाकर गृहणियों को सरकार ने फिर से झटका दे दिया है।
5. तृप्ता ने अंतरिम बजट को सरकार का चुनावी बजट करार दिया है। बजट पेश करने से कुछ नहीं होगा। सरकार को महंगाई पर रोक लगाने की जरूरत है।
6. उर्मिला ने कहा कि बजट में हर बार की तरह गृहणियों को कोई विशेष राहत प्रदान नहीं की है। बढ़ते गैस के दामों ने चूल्हे बुझा कर। आम गृहणी की रसोई में आग लगा दी है।
क्या कहता है युवा वर्ग
1. मीनाक्षी शर्मा का कहना है कि सरकार शिक्षा के व्यापारीकरण पर रोक लगाने पर विफल ही रही है। मोबाइल सस्ता होने से शिक्षा नहीं मिलेगी। यह बजट युवाओं से महज छलावा है।
2. पूनम चंदेल ने कहा कि पिछले दस साल में तो सरकार ने एजूकेशन लोन की दर को कम करने की जहमत नहीं उठाई। अब चुनाव में युवाओं की याद आई। खैर, फिर भी शिक्षा ऋण पर सब्सिडी से उन्हें राहत मिलेगी।
3. शालू सहोता का कहना है कि मोबाइल के दाम कम होने से वह बेहद खुश है। शिक्षा ऋण पर सब्सिडी मिलने से अब आसानी से वह अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
4. निशात भाटिया ने कहा कि मोबाइल सस्ता हुआ है। यह सराहनीय कदम है।
5. नरेश ठाकुर ने कहा कि अंतरिम बजट से राहत की उम्मीद है। शिक्षा ऋण पर सब्सिडी मिलने से उन्हें आर्थिक तौर पर फायदा होगा। मोबाइल सस्ता होने से भी यूथ खुश हैं।
6. छात्र सुशील का कहना है कि मोबाइल सस्ता होने से ज्यादा उन्हें शिक्षा ऋण पर सब्सिडी मिलने की खुशी है।
7. अंकित कुमार ने कहा कि शिक्षा ऋण के ब्याज पर छूट से उन्हें फायदा होगा। सरकार का यह बजट युवा वर्ग के हक में है।
