कृष्णानगर में गिरे छह और मकान, तीन पेड़ भी उखड़े

शिमला। कृष्णानगर में रविवार को छह और मकान गिर गए। वार्ड में तीन पेड़ भी उखड़ गए। जमीन धंसने से जमींदोज हो रहे भवनों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। उधर, वार्ड पार्षद रजनी सिंह भाजपा से इस्तीफा देने के बयान से पलट गई हैं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। भाजपा से नहीं, उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा देने का विचार किया है। रजनी सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा बनाए गए अंबेदकर भवन में ही आज प्रभावित परिवार रह रहे हैं। उनकी लड़ाई प्रशासन और सरकार के खिलाफ है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को भाजपा छोड़ने की बात कहने वाली पार्षद को रविवार को भाजपा के कई बड़े नेताओं ने डांट लगाई जिसके बाद उन्होंने भाजपा की बजाय पार्षद पद से इस्तीफा देने की बात कही है। रविवार को जब पार्षद से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती से उनकी बात हुई है। भाजपा के शीर्ष नेता ने उन्हें कृष्णानगर में प्रभावित हुए परिवारों के हक में हर संभव सहयोग करने की बात कही है। पार्षद से जब पूछा गया कि पार्षद पद से इस्तीफा देकर वे कैसे लोगों की आवाज को बुलंद करेंगी तो उनके पास इस बाबत कोई जवाब नहीं था। उधर, भाजपा से इस्तीफा देने का बयान प्रकाशित होने के बाद रविवार को कई स्थानीय भाजपा नेताओं ने पार्षद से फोन पर बात की है। सभी लोगों ने पार्षद को समझा बुझा कर ऐसे बयान नहीं देने की नसीहत दी। पार्षद रजनी सिंह ने कहा है सोमवार को स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि रविवार को नगर निगम के कर्मियों ने अंबेदकर भवन में टूटे हुए शीशों को बदल दिया है। कहीं और से भोजन लाने की बजाय प्रभावित परिवार अब स्वयं अंबेदकर भवन में खाना बनाएंगे। इसके लिए उन्हें राशन मुहैया करवा दिया गया है।

Related posts