कृषि विवि में चलेगा तबादलों का चाबुक!

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में लंबे अरसे से डटे कर्मचारियों और अधिकारियों को अब दूसरी जगह जाना पड़ेगा। ये कर्मचारी स्वेच्छा से अपना तबादला करवा सकते हैं नहीं तो कृषि विवि प्रशासन अपने हिसाब से तबादला करेगा। विश्वविद्यालय में फरलू मारने वाले कर्मचारी और अधिकारी भी तबादलों से बच नहीं पाएंगे।
सूत्र बताते हैं कि कृषि विवि में कई कर्मचारी और अधिकारी पिछले कई सालों से डटे हुए हैं। यहां तक कि कइयों की तो कृषि विवि पालमपुर में ही 25-30 साल की नौकरी हो गई। कृषि विवि में इस समय 1500 कर्मचारी और अधिकारी काम कर रहे हैं। इसमें से करीब 25 प्रतिशत कर्मी विवि में लंबे अरसे से डटे हुए हैं लेकिन अब नए वीसी ने आते ही फरमान जारी कर दिया है कि ये लोग स्वेच्छा से भी तबादला करवाने की अर्जी दे सकते हैं अन्यथा 15 दिन के अंदर विवि प्रशासन एक रोस्टर तैयार कर नियमों के आधार पर इन अधिकारियों व कर्मचारियों को बदलेगा। कुलपति ने फरलू मारने वाले या काम में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों को भी चेता दिया है कि उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए विभागाध्यक्ष जवाबदेह होंगे।
सूत्र बताते हैं कि विवि में कई कर्मचारी और अधिकारी काम से फरलू मारते हैं। इसके चलते वीसी ने कड़े फरमान जारी किए हैं।
कुलपति डा. बीबी कटोच ने कहा कि नियमों के तहत तबादले होंगे। कर्मचारियों को प्रदेश में विवि के चल रहे आठ कृषि विज्ञान केंद्रों और 12 अनुसंधान केंद्रों मे बदला जाएगा।

Related posts