
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में नए कुलपति का नाम अभी तक तय नहीं हो पाया है। हालांकि, विवि के कुलपति का चार जुलाई को कार्यकाल समाप्त हो गया है। इसके चलते विवि के नए कुलपति का बनना तय था। अभी तक राज्यपाल के आदेशों में वर्तमान कुलपति को ही अगला कुलपति बनने तक कार्यभार संभालने के आदेश आए हैं। इससे विवि में पिछले कई दिनों से चार जुलाई को खत्म हो रहे कुलपति के कार्यकाल को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। लेकिन, फिलहाल इन अटकलों पर शुक्रवार को राज्यपाल के आदेशों के बाद विराम लग गया है। अब अगले कुलपति की घोषणा कब होती है यह तो तय नहीं है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि सब ठीक रहा तो अगले सप्ताह तक नए कुलपति की घोषणा हो सकती है। अभी वर्तमान कुलपति डा. एसके शर्मा ही कार्यभार संभालेंगे।
सूत्र बताते हैं कि अभी कुलपति के चयन को लेकर होने वाली चयन समिति की बैठक नहीं हो पाई है। इसके पीछे यह भी कारण बताया जा रहा है कि अभी नौणी विवि सोलन के नए कुलपति की नियुक्ति भी नहीं हुई है। इसका कारण मंडी लोकसभा उप चुनाव में लगी आचार संहिता माना जा रहा है। अब चयन समिति की होने वाली बैठक में पालमपुर व सोलन विवि के कुलपतियों की घोषणा एक साथ होने की संभावना जताई जा रही है। कृषि विवि के संयुक्त निदेशक डा. हृदय पाल सिंह ने कहा कि अभी तक नए कुलपति का चयन नहीं हुआ है। अगले कुलपति की नियुक्ति तक वर्तमान कुलपति ही कार्यभार देखेंगे।
