
चंबा (टिहरी)। उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कूड़ादान हटाने की मांग को लेकर लोगों ने बुधवार को पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नगर क्षेत्र के जैविक और अजैविक कूड़े को ठिकाने लगाने के लिए हाइवे पर हॉज बनाया गया है। जहां कई वर्षो से कूड़ा डाला जा रहा है। कूड़ा अब सड़क पर फैलने लगा है। कूड़ेदान के अत्यधिक दबाव के कारण आस-पास भूधंसाव हो रहा है। नगर पंचायत ने पिछले माह कूड़ादान तोड़ दिया गया था लेकिन कूड़ा डालने की वैकल्पिक जगह नैल में विवाद होने से अब कूड़ा फिर सड़क किनारे ही डाला जा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में तीन-चार परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़ते हैं। बदबू और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शीघ्र कूड़ादान नहीं हटाया गया तो चंबा-धरासू राजमार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। प्रदर्शन करने वाले में बृहस्पति देवी, सावित्री देवी, सरस्वती देवी, संगीता देवी, उषा देवी, शूरवीर राणा, प्रेमदत्त भट्ट, सुरेंद्र प्रसाद आदि शामिल थे।
