कुल्लू शहर की 24 करोड़ से बुझेगी प्यास

कुल्लू। शहर की करीब 25 हजार आबादी को 24 करोड़ की लागत से स्वच्छ पानी मिलेगा। योजना के लिए दस करोड़ की पहली किस्त नगर परिषद कुल्लू के पास पहुंच गई है। नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष मनु शर्मा ने यह जानकारी यहां प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा करोड़ों रुपये की लागत से कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण तथा पार्किंग व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे। इसके लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने 34 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। मनु शर्मा ने कहा कि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा, जिसके लिए नप कुल्लू ने एक नया प्रारूप तैयार कर लिया है। इसे चुनाव के बाद लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों की स्ट्रीट लाइटों को आधुनिक किया जाएगा, जिस पर 20 लाख की राशि खर्च की जाएगी। उन्होेंने कहा कि कुल्लू शहर का स्वरूप जल्द ही शहरवासियों को बदला हुआ मिलेगा। इसके लिए नगर परिषद तत्पर है। इस अवसर पर कुल्लू सदर कांग्रेस के महामंत्री प्रदीप कपूर, शहरी युवा कांग्रेस के महासचिव शुभम, संयुक्त सचिव मोदगिल, विनित कुमार तथा दिग्विजय सिंह आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस के साथ है शहर की जनता : मनु
कुल्लू। मनु शर्मा ने दावा किया कि मंडी लोकसभा सीट में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा कि चार मई को ढालपुर में होने वाली सोनिया गांधी की रैली में कुल्लू शहर की जनता भारी संख्या में भाग लेगी। इसको लेकर मंडी लोकसभा के प्रभारी हर्ष महाजन ने नगर परिषद के सभी कांग्रेस पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रैली स्थल पर लाएं।
उन्होंने कहा कि देश में मोदी की कोई लहर नहीं है। केंद्र में तीसरी बार यूपीए की सरकार सत्ता में आएगी। प्रदेश में वीरभद्र सिंह की ही लहर चल रही है।

लोकप्रिय प्रत्याशी हैं प्रतिभा : रोहित
कुल्लू। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रोहित महाजन ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की लहर चल रही है। जिला महासचिव मुनीश कुमार और कैंपस अध्यक्ष योगराज ने कहा कि वे प्रतिभा सिंह की जीत को सुनिश्चित करने के लिए एनएसयूआई के कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। इस अवसर पर बेअंत ठाकुर, लाल चंद, प्रभाकर, सोमदेव, रजत, ईशान, यशपाल, योगेश, कार्तिक, जोगेंद्र, अनमोल, नरेंद्र, मनोज तथा अजय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts