
श्रीनगर। गढ़वाल विवि के कुलपति ने चौरास परिसर की सुरक्षा दीवार बनाने के लिए मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने बांध निर्माता कंपनी जीवीके को सुरक्षा दीवार बनाने के लिए आदेशित करने की भी गुजारिश की है। कुलपति एसके सिंह ने मंगलवार को मुख्य सचिव को पत्र लिखकर चौरास परिसर के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अलकनंदा के रुख बदलने के कारण विश्वविद्यालय की 20 हजार वर्ग मीटर भूमि और करीब 20 करोड़ की संपत्ति खतरे की जद में आ गई है। लगातार कटाव से विवि गेट, स्टेडियम, गेस्ट हाउस पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। चौरास परिसर को जोड़ने वाले एकमात्र संपर्क मार्ग का करीब 100 मीटर हिस्सा पहले ही नदी में समा चुका है। एसडीएम कीर्तिनगर ने जीवीके कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मौका मुआयना भी किया था, मगर अब तक कोई भी राहत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कटाव के चलते नुकसान बढ़ता जा रहा है। उन्होंने जीवीके कंपनी या अन्य सक्षम विभागों को जल्द सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए आदेशित करने की गुजारिश की है।
आईआईटी की टीम आज कर सकती है निरीक्षण
श्रीनगर। चौरास परिसर में लगातार हो रहे कटाव का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को आईआईटी रुड़की की टीम पहुंच सकती है। कुलपति सोमवार को आईआईटी के विशेषज्ञों से बातचीत करके लौटे हैं। विश्वविद्यालय के सूत्रों के अनुसार टीम की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही अगली रणनीति तय की जाएगी।
