
बालीचौकी (मंडी)। सराजघाटी की दुर्गम पंचायत खलवाहन एवं सोमगाड़ में आंत्रशोथ की चपेट में दो दर्जन के करीब लोग आ गए हैं। दूसरी ओर लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कें बंद होने से तीमारदारों को मरीज कुर्सियों पर उठाकर अस्पताल तक पहुंचाने पड़े। उधर, कार्यकारी सीएमओ डा. एनके भारद्वाज का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई थी। 15 लोग आंत्रशोथ की चपेट में पाए गए। इन्हें दवाइयां बांटी गई हैं। क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। इधर, उपतहसील बालीचौकी में स्वास्थ्य सुविधाएं न के बराबर हैं। क्षेत्र में दो दर्जन लोग आंत्रशोथ की चपेट में आ गए हैं, लेकिन नजदीक पीएचसी थाची में चिकित्सक न होने से लोगाें को कोई विशेष उपचार सुविधा नहीं मिल सकी। जिसके चलते मरीजों को मंडी तथा कुल्लू पहुंचाना पड़ा। बागी लुझागी, डिडर, झमाच गांवों के लोग आंत्रशोथ से सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। ग्राम पंचायत सोमगाड़ से मरीजों को शनिवार को सड़क ठीक न होने के कारण थाची तक कुर्सियों पर उठाकर लाना पड़ा। ग्राम पंचायत खलवाहन के प्रधान भूमे राम बताते हैं कि उन्हें मरीजों को अपनी गाड़ी में बालीचौकी पहुंचाना पड़ा और वायरल फैलने के कारण वह खुद भी चपेट में आ गए हैं। बताया कि स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयां उपलब्ध नहीं होती। जिस कारण मरीजों को मंडी, कुल्लू, पीएचसी बालीचौकी पहुंचाना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक नहीं हैं। विभागीय लापरवाही के चलते कई बार ताले भी लटके रहते हैं। ग्राम पंचायत सोमगाड़ से मरीजों को शनिवार को सड़क ठीक न होने के कारण थाची तक कुर्सियों में उठाकर लाना पड़ा। स्थानीय निवासी इंद्र सिंह, प्रशोतम राम तथा राम सिंह ने बताया कि चलौट निवासी भगत राम, धनवती देवी, बुआला निवासी परमानंद, सताना निवासी नोक सिंह को कुर्सियों में उठाकर थाची तक लाया गया। थाची से अन्य मरीजों के साथ परिजन अपने-अपने हिसाब से मंडी, कुल्लू और बालीचौकी ले गए। एंबुलेंस सेवा के लिए क्षेत्र के लोगों को दूसरे विकास खंड बंजार और नगवाईं से एंबुलेंस बुलानी पड़ती है। एंबुलेंस व्यस्त हो तो आपातकालीन सेवा से महरूम रहना पड़ता है। दूसरा, सड़कें बाधित होने के कारण मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचाना परिजनों के लिए मुश्किल हो रहा है।
जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य टीम भेज दी जाएगी। लोगाें की स्वास्थ्य समस्या को दूर करने के लिए हर संभव सहायता की जाएगी। विभाग के लापरवाह कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
…कौल सिंह स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री।
