
सराहां (सिरमौर)। कुमारहट्टी-नाहन सड़क मार्ग इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ल्वासा चौकी से लेकर नाहन के बीच का क्षेत्र अभी निर्मित किया जा रहा है जिसके चलते इस सड़क मार्ग में बड़े-बड़े पत्थर, धूल तथा अनेकों बाधाएं वाहन चालकों सहित आम लोगों को परेशान कर रही है। इस सड़क मार्ग से चलने वाले सभी वाहन वर्षों पुराने लगते हैं। सड़क का कटाव भी बेतरतीब ढंग से किया गया है। जिस रास्ते पर चलने के लिए वाहनों की आवाजाही बंद है वाहन उसे सड़क पट्टी से गुजर रहे हैं। निर्माण कर रही निजी कंपनी ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए निर्मित की जा रही सड़क पट्टियों पर सूचना बोर्ड नहीं दर्शाए हैं जिस कारण भ्रमित होकर तथा घुमावदार मोड़ों के कारण सभी वाहन एक ही पट्टी से गुजर रहे हैं। ऐसे में कई बार लंबा जाम सड़कों पर लग रहा है।
उधर इस संबंध में अधिशासी अभियंता सुपरहाइवे आरएस जसवाल ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में छोटी मोटी असुविधाएं होना लाजमी है। बावजूद इसके सड़क पट्टी पर दिशा सूचक बोर्ड लगाने को कहा गया है।
