
हल्द्वानी। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अधिकारी संगठन दिल्ली सर्किल के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को सात मंडलों में मतदान हुआ। कुमाऊं मंडल का पोलिंग बूथ कुसुमखेड़ा में एसबीआई के प्रशासनिक कार्यालय में बनाया गया। पोलिंग सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक हुई, जहां कुमाऊं के 600 अधिकारियों मे से 557 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान प्रक्रिया दिल्ली से आए पर्यवेक्षक आईपी अरोड़ा और राजीव कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। दिल्ली सर्किल के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए मतदान शनिवार को हल्द्वानी, देहरादून, दिल्ली के दो मंडल, जयपुर, आगरा और मेरठ मंडल में एक साथ हुआ। त्रिवार्षिक चुनाव में उप महासचिव पद के लिए कुमाऊं से एसबीआई के प्रशासनिक कार्यालय में तैनात महेंद्र सिंह तड़ागी, अल्मोड़ा के जोशी मैदान में उतरे हैं। क्षेत्रीय सचिव पद पर बहादुर सिंह सत्तू, होशियार सिंह ह्यांकी, चंदन सिंह बिष्ट और शंकर सिंह दुग्ताल प्रत्याशी हैं। उपाध्यक्ष पद पर कुमाऊं से त्रिभुवन पागंती भी भाग्य आजमा रहे हैं। एसबीआई सूत्रों के अनुसार चुनाव के नतीजे 28 जुलाई को दिल्ली में घोषित किए जाएंगे। महेंद्र सिंह तड़ागी वर्तमान में अधिकारी संगठन दिल्ली सर्किल के उप महासचिव पद पर काबिज हैं। वे इस बार भी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में जो भी प्रत्याशी चुनकर आएगा, उसका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
इधर, कुसुमखेड़ा में कुमाऊं का अकेला पोलिंग बूथ बनाए जाने से सुबह से शाम तक एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय में गहमागहमी रही। मतदान पूर्ण रूप से निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासनिक कार्यालय के सभी अफसरों ने भी सहयोग किया।
