कुनिहार में बाइकर्स की तेज रफ्तारी बेलगाम

कुनिहार (सोलन)। कुनिहार बाजार में बाइक सवारों की तेज रफ्तारी ने लोगों का राह चलना मुश्किल कर दिया है। यह बाइकर्स अधिकतर स्कूल टाइम पर नजर आते हैं। यह इतनी तेजी से बाइक चलाते हैं कि यदि कोई हादसा होता है तो जानमाल का नुकसान तय है। इनकी तेज रफ्तारी के कारण स्थानीय लोगों का सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। इनमें ज्यादातर स्कूली बच्चे शामिल हैं जिनके पास अभी तक लाइसेंस भी नहीं है। वहीं पुलिस प्रशासन भी इनकी तेज रफ्तारी पर लगाम कसने में नाकाम साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश शर्मा, सीताराम, सुभाष शर्मा, राकेश ठाकुर, प्रद्युमन शर्मा, मोहन सिंह, राधारमण शर्मा, मंजु देवी, संतोष शर्मा ने कहा कि बाइक सवारों की तेज रफ्तारी हादसों को न्यौता दे रही है। उनका कहना है कि प्रतिदिन सुबह शाम बाजारों में तेज बाइक सवार नजर आते हैं। यह बाइक इतनी तेज चलाते हैं कि जब यह निकलते हैं तो आसपास से धूल उड़ती नजर आती है। कई बाइक सवार तो ट्रिपलिंग करते रहते हैं। वहीं पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बनकर यह तमाशा देखता रहता है।
पंचायत प्रधान राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि पंचायत में कुछ ऐसे युवाओं के नाम आए हैं जो बाजार में तेज रफ्तारी से बाइक चलाते हैं। उन युवाओं पर पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग से स्कूलों व अन्य कार्यालयों के समीप गति अवरोधक लगवाए जाएंगे।
पुलिस चौकी कुनिहार के इंचार्ज विजय कुमार ने बताया कि तेज रफ्तारी से बाइक चलाने वालों के चालान काटे जाएंगे। स्कूलों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस कर्मी तेज बाइक सवारों पर नजर रखेंगे।

Related posts