कुठेड़ में दो हफ्ते से नहीं आया पानी

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत कुठेड़ बुधोरा में दो हफ्ते से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुठेड़ बुधोरा पंचायत के कुठेड़ गांव में 15 दिन से पानी की सप्लाई ठप हो गई है। इस कारण 20 के करीब परिवारों के नल सूखे पड़े हैं। ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मान सिंह, रमेश कुमार, दौलत राम, बिट्टू, मोहन लाल, तेज सिंह, लेख राज, प्रताप सिंह ने बताया कि पानी की सप्लाई ठप होने के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्हें मवेशियों को पानी पिलाने के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। पानी की किल्लत को लेकर कई बार सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवाया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि कुठेड़ गांव में पानी की सप्लाई सुचारु की जाए। इस संदर्भ में आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता सुरेश कुमार ने कहा कि गर्मी होने के कारण स्रोत सूख गए हैं। इस कारण पेयजल की किल्लत हो गई है। जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts