कुएं में डूबने से एक की मौत

बिलासपुर। जिला मुख्यालय की नजदीकी बंदला धार की सीहड़ा पंचायत में शुक्रवार सुबह कुएं में डूब जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान सीहड़ा की मैथली पालंगरी के 45 वर्षीय गोपाल के रूप में हुई है। वह पीडब्ल्यूडी में कार्यरत था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग में बतौर बेलदार कार्यरत सीहड़ा के मैथली का गोपाल शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर जा रहा था। चनालग गांव के पास रास्ते में एक कुआं है। बताया जा रहा है कि गोपाल हाथ-पैर धोने के लिए कुएं के पास रुका। इसी दौरान पांव फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे कुएं में गिरते देखा तो वे भागते हुए वहां पहुंच गए। उन्होंने गोपाल को बाहर निकालने का भरसक प्रयास किया, लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए।
इस बीच सूचना मिलने पर बिलासपुर से पुलिस व होमगार्ड की रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंची। तब तक लोग गोपाल को कुएं से बाहर निकाल चुके थे, लेकिन पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में उसका शव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीहड़ा पंचायत प्रधान रूपलाल ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Related posts