
मंडी। सतगुरु प्रताप सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को कीपड़ एकादश, नागराज और आईआईटी मंडी ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में दिन का पहला मैच माहुंनाग एकादश और कीपड़ एकादश के बीच खेला गया। कीपड़ एकादश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 77 रन बनाए। इसमें अजु ने 23 और आशु ने 8 रनों का योगदान दिया। माहुंनाग के गेंदबाज रमेश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में पांच विकेट चटकाए। माहुंनाग की टीम 60 रनों पर ही ढेर हो गई। इसमें छोटू ने 23 और मोनू ने चार रन बनाए।
कीपड़ के गेंदबाज अजु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में पांच विकेट चटकाए। रोशन ने दो ओवरों मेें दो विकेट लिए। कीपड़ ने यह मैच 17 रनों के अंतर से जीत लिया। दिन का दूसरा मैच कटींडी इलेवन और नागराज एकादश के बीच खेला गया। कटींडी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 94 रन बनाए। इसमें गिन्नी ने 29 और नागेंद्र ने 28 रन बनाए। नागराज के गेंदबाज उज्जवल ने तीन ओवरों में चार और धर्मेंद्र ने दो ओवरों में दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागराज की टीम ने आठ विकेट खोकर 96 रन बनाकर दो विकेट के अंतर से जीत दर्ज की। इसमें उज्जवल ने बल्लेबाजी में अच्छे हाथ दिखते हुए 39 रन बनाए। कटींडी के गेंदबाज हाकु ने तीन ओवरों में तीन और भूप तथा ललित ने दो-दो विकेट लिए। तीसरा मैच आईआईटी मंडी और भीमाकाली जूनियर्स के बीच खेला गया। आईआईटी ने टॉस जीतकर दो विकेट पर 110 रन बनाए। इसमें स्वान और साहिल ने 29-29 और अंकित ने नाबाद 22 रन बनाए। भीमाकाली की ओर से मोहित को एकमात्र सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भीमाकाली की टीम 92 रन ही बना सकी। इसमें लव ने 29 और युद्धवीर ने 19 रन ठोंके। आईआईटी के गेंदबाज अंकित ने तीन ओवर में दो और कुशाल ने तीन ओवर में तीन विकेट लिए। आईआईटी की टीम ने 18 रनों से मैच
जीत लिया।
