
फतेहपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्र ने शनिवार को फतेहपुर में चौपाल का आयोजन किया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इलाके के लोगों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस दौरान तहसीलदार चंदन कपूर, उद्यान विकास अधिकारी करनैल गुलेरिया, एसडीओ पीसी मनकोटिया, आईपीएच से बलवंत सिंह ने मौजूद लोगों की समस्याओं को सुना। वहीं, जिला परिषद उपाध्यक्ष जगदेव सिंह ने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का भी आह्वान किया। फतेहपुर से राजेंद्र कौशल ने राजस्व विभाग में आने वाली समस्याओं को उठाया। तहसीलदार ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अब शपथ पत्र बनाने के लिए किसी लंबरदार या परिचित से शिनाख्त करवाने की बजाय अपना पहचान पत्र दिखा कर ही शपथ पत्र बनवा सकते हैं। वहीं, बनाल से कृष्ण दत्त ने आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए कहा कि उनके गांव में पीने के पानी की सप्लाई में मिट्टी आ रही है। विभाग ने समस्या के हल का आश्वासन दिया। बटाहड़ी से राजकुमार ने कृषि एवं उद्यान विभाग से पूछा कि उनके विभागीय सहयोग से पिछले पांच साल में बनाए गए पॉलीहाउस आज बंद क्यों हैं तथा नए किसान इस ओर जाने से क्यों कतरा रहे हैं। जिस पर उद्यान विकास अधिकारी ने कहा कि लोगों को सब्सिडी से लाभ की सोच बदलनी होगी व ईमानदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की तरफ प्रेरित करना होगा। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष मुनीष राणा, हाड़ा पंचायत प्रधान सुदेश कुमारी, जगसोली प्रधान रणवीर सिंह, सुशील कालिया, शमशेर, जीवन जरियाल, रमेश शर्मा, सुरम सिंह, पवन, विशाल शर्मा, कृष्ण देव, संजय, चरण, कमल आदि मौजूद रहे।
