किसानों का कर्ज माफ करने की मांग

चंपावत। जिले के रियांसीबमनगांव, मोस्टा, बकोड़ा गांवों में पिछले माह अतिवृष्टि से व्यापक नुकसान हुआ है। गांव के लोगों ने क्षति का आकलन करने, किसानों के कर्ज माफ करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बारिश से खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत बनाए गए चेकडैम बह गए हैं। कृषि योग्य जमीन को लधिया नदी लगातार अपनी चपेट में लेती जा रही है। कुछ घरों को भी भूकटाव का खतरा हो गया है। गांव को जोड़ने वाले पैदल रास्ते, पेयजल योजना नष्ट हो गई है। राजस्व पुलिस के उपनिरीक्षक ने गांव का दौरा तो किया लेकिन अभी तक किसी प्रकार की राहत लोगों को नहीं दी गई है। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने तथा गांव में हुई क्षति का आकलन कर तत्काल मरम्मत के काम शुरू करने की मांग की है। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने कहा है कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद गांव में मरम्मत के काम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने लोगों को पूरी मदद का भरोसा दिया है। ज्ञापन देने वालों में बचन सिंह, शीष राम, विनोद सिंह, नारायण सिंह, कृष्ण सिंह, संदीप सिंह, पुष्कर सिंह आदि थे।

Related posts