
पांवटा साहिब (सिरमौर)। टौंस नदी से बनी किल्लौड़ उठाऊ सिंचाई योजना एक सप्ताह से बंद पड़ी है। बार-बार योजना की मशीन खराब होने से किसानों को सिंचाई में परेशानी आ रही है। इन दिनों फसलों को सिंचाई की नितांत आवश्यकता है। मौजूदा समय में क्षेत्र की करीब 500 बीघा भूमि को सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है।
बढ़ाणा निवासी रंगीलाल, देवराज नेगी, जदगीश चौहान, गुुलाब सिंह, मनी राम और संत राम ने बताया कि एक सप्ताह से योजना बंद पड़ी है। इस योजना के बार-बार बंद होने से सिंचाई योजना बाधित हो रही है। इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, मक्की, लहसुन और चारा भरसीन की फसल को सिंचाई की काफी आवश्यकता है। सप्ताह भर से सिंचाई नहीं होने से फसलें सूखने लगी हैं। टौंस नदी से बनी इस उठाऊ सिंचाई योजना का लाभ लोगों को समय पर नहीं मिल रहा है। नियमानुसार योजना में दो मोटरें होना आवश्यक है। जिससे एक के खराब होने पर दूसरी मोटर से योजना सुचारु रुप से चलाई जा सकें।
वहीं इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता आरएस चौधरी के अनुसार मोटर में खराबी आने से दिक्कतें हो रही हैं। दो-तीन दिनों के भीतर किल्लोड़ की उठाऊ सिंचाई योजना को सुचारु कर दिया जाएगा।
