
सांगला (किन्नौर)। जिला के कल्पा खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत किल्बा में सैकड़ों लोगों को दो माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। रसोई गैस न मिलने से लोगों को दो वक्त का खाना बनाने के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, लोगों ने इसके बारे में कई दफा विभाग के अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन लोगों को अभी तक गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है। जिले के कल्पा खंड की ग्राम पंचायत किल्बा के तहत आने वाले गांव किल्बा, ठिकरू, लिंगमे, पालीगचे के करीब 1200 उपभोक्ताओं को दो माह से गैस सिलेंडर न मिलने से परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों में ग्राम पंचायत किल्बा के पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह पठानिया, भाजपा बूथ कमेटी अध्यक्ष श्रवण चौबा, महिला मंडल प्रधान कलावती नेगी, शंकर नेगी, सरजन नेगी, गुलाबचंद नेगी, बसंत लाल नेगी, निमा छैरिंग नेगी तथा देव कृष्ण नेगी कहा कि किल्बा के लिए हर माह की 18 और 28 तारीख को गैस की आपूर्ति होना तय है। लेकिन, इसके बावजूद दो माह से लोगों को रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं, दूसरी ओर सरकार ने जंगल से लकड़ी काटने पर भी प्रतिबंध लगा रखा है। इसके चलते अब दो वक्त की रोटी बनाने में भी परेशानी हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते रसोई गैस की आपूर्ति नहीं की गई तो मजबूरी में उन्हें आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। इधर, इसके बारे में उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने कहा कि मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की कोई परेशानी है तो लोगों को जल्द से जल्द रसोई गैस मुहैया करवा दी जाएगी।
