
सरकाघाट (मंडी)। प्रदेश सरकार की ओर से बस किराये में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करने का भाजपा ने कड़ा विरोध किया है। भाजपा ने बस किराया वापस न लेने की स्थिति में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर ने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है। वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बस किराये में 30 फीसदी की वृद्धि कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। बस किराया बढ़ाने की सबसे ज्यादा मार गरीब जनता पर पड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिक लोग बसों से ही सफर करते हैं। चेताया कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही बस किराये में बढ़ोतरी के फैसले को वापस ले अन्यथा भाजयुमो सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेगी। आम आदमी हर दिन दो रुपये में सफर करता था। अब सरकार ने न्यूनतम किराया भी पांच रुपये तक बढ़ा दिया है। प्रदेश और देश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। गत नौ माह में प्रदेश में कोई भी नया विकास नहीं हुआ है। इस मौके पर सरकाघाट भाजयुमो अध्यक्ष चंद्रमणि ठाकुर, धर्मपुर मंडल अध्यक्ष विशाल ठाकुर, पार्टी प्रवक्ता उमेश कुमार भी मौजूद थे।
उधर, सरकाघाट भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने बस किराया बढ़ाने के फैसले का कड़ा विरोध किया है। कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब जनता के साथ भद्दा मजाक किया है। हिमाचल किसान सभा डरवाड़ कमेटी के अध्यक्ष टेक सिंह, मुख्य सलाहकार भूपेंद्र सिंह, डा. चेत राम, अनंत राम, मेजर महाजन राम, बलवीर सिंह ने भी सरकार से बस किराया बढ़ाने का फैसला वापस लेने की मांग की है।
