
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में मंडी लोकसभा उपचुनाव में 52 हजार 361 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 978 ऐसे वोटर हैं, जो पहली बार अपने मत का प्रयोग करने जा रहे हैं। जिले में 27007 पुरुष मतदाता, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 25354 है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कै. जेएम पठानिया ने बताया कि सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र जारी किए हैं। बताया कि जिले में 118 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुछेक मतदान केंद्रों को छोड़कर सभी मतदान केंद्र सड़क से जुड़े हैं। जिले में सापनी मतदान केंद्र में सबसे ज्यादा 1038 मतदाता हैं। जिले में सबसे दूर मतदान केंद्र कुनो-चारंग हैं। यहां के लिए कर्मचारियों को करीब 14 से 15 किमी पैदल सफर करना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त रूपी, शिगारचा, थाच, नाथपा, पानवी, जानी, रमणी, घरशु तथा काचरंग मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए मतदान कर्मियों को पांच से आठ किमी तक पैदल सफर करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य पूरा करने के लिए करीब साढ़े सात सौ कर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें से करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों को आरक्षित रखा गया है। मतदान कार्य में लगे कर्मचारियों को 16 जून को दूसरा तथा 20 जून को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। 21 जून को कर्मचारी मतदान केंद्रों के लिए रवाना किए जाएंगे। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करने की अपील की है।
