
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर में वीरवार से हुई भारी बर्फबारी के बाद अभी तक जिला में जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। वहीं, सोमवार को भी पांगी नाले से आगे कौरिक तक एनएच कहीं भारी बर्फबारी तो कहीं भू-स्खलन के चलते पूह और काजा की तरफ बसों और अन्य निजी वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी है। इस कारण जिले के लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। हालांकि सीमा सड़क संगठन एनएच को बहाल करने में जुटा हुआ है, लेकिन ठंड के बीच मार्ग बहाल करने में परेशानी पेश आ रही है।
वहीं, सोमवार को लोनिवि के कल्पा और पूह खंड के पौवारी, रिकांगपिओ, कल्पा, रिकांगपिओ, पूह खंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाला सड़क मार्ग सहित एक अन्य पूह लिंक सड़क मार्ग खादरा और लियो सहित आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़कों को लोनिवि ने बहाल कर दिया है। लोनिवि के एक्सईएन कल्पा एसपी नेगी ने कहा कि अभी कल्पा और पूह खंड के दो दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़क मार्गों को खोलने के लिए 13 मशीनें और 350 मजदूर काम पर जुटे हैं। निचार खंड के तहत आने वाली 18 ग्रामीण सड़कों को बहाल कर दिया गया है। इनमें उरनी, वांगतू, काफनु, निचार और बरी शामिल हैं। लोनिवि के एक्सईएन भावानगर हंस राज भारद्वाज ने एक दर्जन से अधिक बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने की पुष्टि की है। जबकि अन्य सड़कों को बहाल करने के लिए 9 मशीनों के साथ करीब 150 मजदूर तैनात किए हैं। सीमा सड़क संगठन ने भी पांगी स्लाइड और ठोपन के पास 5 मशीनों के साथ करीब 50 मजदूर मार्ग को बहाल करने में लगाए हैं।
