किन्नौर में फिर शुरू हुई बर्फबारी

सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी) जनजातीय जिला किन्नौर एक बार फिर से शीत लहर की चपेट में आ गया है। बुधवार सुबह से ही जिले में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। बुधवार को कल्पा का न्यूनतम तापमान-2.5 दर्ज किया गया है, वहीं प्रमुख सांगला का न्यूनतम तापमान-2.4 तक पहुंच गया है।
जिले में बुधवार सुबह से ही कल्पा, रोधी, पांगी, बारंग, ब्रुआ, शौंग, सांगला, बटसेरी, रक्षम, छितकुल, रिब्बा, रिस्पा, खादरा, आकपा, रारंग, मुरंग, ठंगी, लंबर, पूह, आसरंग, लिप्पा, नेसंग, रोपावैली, यंगथंग, ज्ञाबुंग, चांगों, हागों, चुलिंग, शलखर और सुमरा सहित कई अन्य क्षेत्रों में दो से चार सेमी तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि जिले के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों पोवारी, कड़छम, चौलिंग, टापरी, भावानगर, निगुलसरी व चौरा आदि क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बुधवार को पूरे दिन रिकांगपिओ से पूह काजा की तरफ और जिले से शिमला की ओर निगम की बसों की आवाजाही नियमित रूप से हो रही है, जबकि जिले के कल्पा, पांगी, जंगी, ज्ञाबुंग, काफनू, उरनी, चगांव, निचार, बरी के लिए भी बसें नियमित रूप से चल रही हैं। पथ परिवहन निगम के आरएम डीएस रघु ने पुष्टि करते हुए कहा कि कड़छम-सांगला लिंक सड़क मार्ग पर रूतरंग के पास सड़क के बंद होने से निगम की एक बस सांगला में फंसी हुई है। जिले के अन्य ग्रामीण रूटों पर बर्फबारी और फिसलन के चलते निगम की बसों को नहीं भेजा जा सका है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होते ही बसों को ग्रामीण रूटों पर भेज दिया जाएगा।

Related posts