किन्नौर में जगह-जगह फंसे वाहन

रिकांगपिओ (किन्नौर)। पिछले 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जिले में यातायात पूर्ण रूप से बंद पड़ा है। वहीं पिछले 24 घंटों से बिजली आपूर्ति भी पूर्ण रूप से ठप पड़ी हुई है। ल्हासे और बाढ़ की चपेट में आने से छोलतू में जेपी कंपनी के पांच वाहन, रल्ली में एक पिकअप, पांगी में तीन वाहन, काशंग परियोजना में काम पर लगे एचसीसी के पांच वाहन, नामज्ञा में दो वाहन, काकस्तल में एक वाहन तथा बारंग में एक कार बाढ़ की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को आदेश दिए हैं कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकालें। इधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और किन्नौर के विधायक एवं विस उपाध्यक्ष जगत नेगी ने इस आपदा पर गहरा दुख प्रकट किया है। वहीं, सीएम ने प्रशासन को आदेश दिए कि प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जाए।

Related posts