किन्नौर की ऊंची चोटियों पर फिर बर्फबारी

शिमला/रिकांगपिओ (किन्नौर)। आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अब भारी बारिश नहीं होगी। 24 सितंबर को बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। उधर, किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। जिले में तीन दिन से बारिश हो रही है। इसके चलते क्षेत्र में तापमान में भी गिरावट आई है। जिले के सामने वाली किन्नर कैलाश की चोटियों के अलावा रियो पुरगिल, भावा वैली की ऊंची चोटियां, सांगला के कंडा, बटसेरी के सिगन कंडा, पूह और लिपा आसरंग की ऊंची चोटियों और छितकुल की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार को भी राजधानी सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश से ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद 25 से 28 सितंबर तक राज्य भर में मौसम शुष्क और सामान्य रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश से मानसून विदा हो गया है। आने वाले समय में मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा।

Related posts