
मौलेखाल। मोहान के पास अवैध वसूली से गुस्साए स्याल्दे सहित पूरे क्षेत्र के अदरक और मिर्च के काश्तकारों ने यहां मोहान पुलिस बैरियर के पास सुबह साढ़े 11 बजे से चक्काजाम के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। काश्तकारों का कहना था कि मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भतरौंजखान के थानाध्यक्ष आरएस बोरा और सल्ट के नायब तहसीलदार ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल ग्रामीणों को शांत किया।
सांस्कृतिक परिषद के महामंत्री नारायण सिंह रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सुबह साढ़े 11 बजे मोहान बैरियर के पास चक्काजाम शुरू कर दिया। सभा में वक्ताओं का कहना था कि रामनगर स्थित मंडी जाते वक्त कर विभाग के कर्मचारी मनमानी वसूली करते हैं। इससे परेशान ग्रामीण मंडी जाना छोड़ रहे हैं। कहा जब तक विभागीय कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच मौके पर पहुंच भतरौंजखान के एसओ आरएस बोहरा और नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने। बाद में एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल आंदोलनकारी माने। इस अवसर पर युवा बेरोजगार संगठन धूमाकोट के मनीष सुंदरियाल, अजय रावत, भोला सिंह, चंद्र प्रकाश, मोहन सिंह, बालम सिंह मोहरी, भोपाल सिंह मोहरी, सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, राकेश कुमार, हरीश रावत, प्रेम सिंह, जगदीश, तुला सिंह, कमल रावत, प्रमोद कुमार, सुनील, जसोद सिंह, सादर सिंह, संग्राम सिंह, अजय नेगी, महेंद्र कुमार सहित तमाम लोग मौजूद थे।
