
बागेश्वर। फ्रैंड्स क्लब के तत्वावधान में यहां खेली जा रही प्रदेश स्तरीय ओपन फुटबाल प्रतियोगिता में काशीपुर की टीम ने पिथौरागढ़ को 6-0 से रौंदा। शशांक ने अपनी टीम के लिए हैट्रिक बनाई।
ऐतिहासिक नुमाईशखेत में काशीपुर इलेवन और पिथौरागढ़ के टीम के मध्य मैच खेला गया। काशीपुर की टीम ने पहले हाफ में ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दाग दिए। दूसरे हाफ में उन्होंने तीन और गोल दागकर मैच को एकतरफा बना दिया। पिथौरागढ़ की टीम को गोल करने के कई मौके मिले लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। काशीपुर की ओर से शशांक ने हैट्रिक की। मैच देखने के लिए दर्शकों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। रेफरी विजय बिष्ट, नरेंद्र भंडारी और हीरा सिंह आदि थे। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष मनोज कपकोटी, मैनेजर सुरेश लाल उर्फ जयसूर्या, सचिव कमल साह, गोविंद बल्लभ उपाध्याय, गोविंद बाफिला, किशन सोनी, जुवैद अहमद, आशुतोष, शुभम् साह आदि मौजूद थे। मैच का आंखों देखा हाल शुभम् साह और धीरेंद्र परिहार ने सुनाया।
