
धर्मशाला। स्थानीय पीजी कालेज में बीते दिन हुए खूनी संघर्ष के आरोपी घर से फरार हो गए हैं। वहीं धर्मशाला पुलिस ने दो टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। लेकिन आरोपी फरार हैं। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कांगड़ा व मटौर के बताए जा रहे कुछ युवकों ने कालेज परिसर में एक युवक को बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया था।
जानकारी के अनुसार कालेज के एक प्राध्यापक ने बीच में हस्तक्षेप कर युवक की जान बचाई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि प्राध्यापक बीच में न आते तो कुछ भी हो सकता था। हालांकि युवक को धर्मशाला व टांडा में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। लेकिन युवक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने आरोपी विक्रम, अंकित, कपिल, अतुल व राहुल आदि के खिलाफ धारा 341, 323, 324, 147, 148, 149 व 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शनिवार को आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीमें रवाना हुईं। लेकिन कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। वहीं धर्मशाला थाना प्रभारी देशराज चंद्रोटिया का कहना है कि पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में लगी हुई है। जल्द ही आरोपी पुलिस के कब्जे में होंगे।
