कालेज में दूर होगी पेयजल समस्या

रामपुर बुशहर। पीजी कालेज में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए आईपीएच विभाग ने पहल शुरू कर दी है। विभाग बच्चों की सुविधा के लिए यहां हैंडपंप लगा रहा है। अगर जमीन से पानी निकलता है तो फिर कालेज में पेयजल समस्या हमेशा के लिए दूर हो जाएगी।
ढाई से तीन हजार विद्यार्थियों की संख्या वाले रामपुर कालेज में पेयजल समस्या लंबे समय से आ रही है। इस समस्या को लेकर कालेज के छात्र संगठन कई बार हंगामा भी कर चुके हैं, बावजूद इसके समस्या ज्यों की त्यों ही है। लंबित इस समस्या के समाधान को विभाग ने आखिर पहल शुरू कर दी है। विभाग यहां हैंडपंप लगा रहा है और इसका काम भी शुरू कर दिया गया है। आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कालेज में हैंडपंप के लिए दो जगह देखी गई है। उन्होंने कहा कि अगर जमीन से निकलने वाला पानी पीने के लायक होगा, तभी हैंडपंप लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गरमी के मौसम में पेयजल स्रोत सूख जाते हैं, जिसके कारण कालेज ही नहीं बल्कि रामपुर के आसपास के इलाकों में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे में कालेज छात्रों के लिए हैंडपंप काफी मददगार साबित होगा।
इधर, कालेज के प्राचार्य डा. एसबी नेगी ने बताया कि कालेज प्रशासन की डिमांड पर विभाग यहां हैंडपंप लगा रहा है। उन्होंने माना कि अगर यहां हैंडपंप लगता है तो फिर पेयजल की कोई समस्या नहीं रहेगी। कालेज के नलकों में पानी कम आने पर छात्र इस हैंडपंप का इस्तेमाल कर सकेंगे

Related posts