कालेज प्रशासन को सौंपनी होगी चुनाव खर्चे की रिपोर्ट

मंडी। एससीए चुनाव की खर्चा रिपोर्ट छात्र संगठनों को कालेज प्रशासन को सौंपनी होगी। वल्लभ महाविद्यालय मंडी में कालेज प्रशासन की ओर से चुनाव खर्चा तय किया गया है। जिसके चलते छात्र संगठन 5 हजार तक ही खर्चा कर सकेंगे। सुरक्षा एवं दूसरे कारणों को देखते हुए चुनाव सीसीटीवी की निगरानी में किए जाने का निर्णय कालेज प्रशासन ने लिया है। इसके अलावा चुनाव के दौरान वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
कालेज प्रशासन ने केंद्रीय छात्र संगठन चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए सभी छात्र संगठनों को चुनाव में जाति, धर्म, क्षेत्रवाद एवं फिजूल खर्च को बढ़ावा न देने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय छात्र संगठन चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए शनिवार को कालेज प्रशासन की प्राचार्य एमएस जम्वाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें पुलिस तथा छात्र संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्राचार्य ने बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले छात्र चुनाव प्रक्रिया में बतौर सीएससीए प्रतिनिधि के लिए उम्मीदवार नहीं बन सकते हैं। छात्र संगठनों को पोस्टर तथा बैनर आवंटित स्थानों पर लगाने के दिशा-निर्देश भी दिए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की मुद्रित चुनाव सामग्री पर प्रतिबंध रहेगा। छात्र संगठन के प्रतिनिधियों को एससीए संविधान की प्रतियां भी दी गई। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार के खलल एवं अनुशासनहीनता को सहन नहीं किया जाएगा।

वल्लभ कालेज में शनिवार को अस्थायी वोटर लिस्ट जारी की गई। जिसमें 4082 मत वैध हैं, जबकि 322 मत अवैध घोषित किए गए हैं। फाइनल वोटर लिस्ट अभी जारी होना बाकी है। उल्लेखनीय है कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के मुताबिक कालेज में 17-22 वर्ष की उम्र वाला छात्र ही मतदान कर सकता है। फाइनल लिस्ट सोमवार को जारी की जाएगी।

Related posts