
चंपावत। डिग्री कालेज में सोमवार को आयोजित छात्रसंघ के धन्यवाद समारोह में छात्रनेताओं ने कहा कि वह कालेज के विकास में रचनात्मक सहयोग देते रहेंगे। साथ ही छात्र-छात्राओं की समस्या को हल करने के लिए लगातार प्रयास करेंगे। यहां छात्रसंघ के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था।
मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने कहा कि छात्र राजनीति में लगातार गिरावट आने के बावजूद चंपावत के छात्रों ने बड़ी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन में किसी प्रकार की कटुता नहीं आती और काम अच्छी तरह होते हैं। सांसद प्रतिनिधि डा. महेश ढेक ने सांसद प्रदीप टम्टा की तरफ से कालेज को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। प्राचार्य डा. सीडी सूंठा ने कहा कि यहां के छात्रों ने कुमाऊं के सभी छात्रों को नया संदेश दिया है। छात्रसंघ अध्यक्ष कमल माहरा ने छात्र-छात्राओं के सहयोग का आभार जताया और कसौटी में खरा उतरने का वचन दिया। इस मौके पर हिमेश कलखुड़िया, गोविंद सामंत, गुणानंद थ्वाल, हरेंद्र बोहरा, मनोज रावत, छात्रा उपाध्यक्ष बबीता जोशी, प्रदीप कुमार, गौरव पांडेय, नेहा महर ने विचार रखे। संचालन डा. बीपी ओली ने किया। कार्यक्रम में छात्रसंघ उपाध्यक्ष भैरव राज, महासचिव महेंद्र बिष्ट, उपसचिव प्रमोद जोशी, कोषाध्यक्ष सौरभ पांडे, मनोज तड़ागी, नरेश जोशी, दीपक तड़ागी आदि मौजूद थे।
