कालेजों में कल से होगी एडमिशन

चंबा। प्रदेश के कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार को छुट्टी के चलते एक दिन देरी से शुरू होगी। नए शैक्षणिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया के लिए समस्त कालेजों में समस्त तैयारियां पूरी कर ली है। प्रदेश के 74 सरकारी व 23 गैर सरकारी कालेजों में शैक्षणिक सत्र 2013-14 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वार्षिक परीक्षाओं के बाद फिर से सोमवार को कालेज खुल गए हैं। कालेज के समस्त स्टाफ ने प्रथम दिन महाविद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 11 जून को अवकाश होने के कारण महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया 12 जून से शुरू होगी। राजकीय महाविद्यालय चंबा में प्रवेश प्रक्रिया के मद्देनजर 6 कमेटियों का गठन कर लिया गया है। कालेज में एंटी रैगिंग कमेटी का गठन किया गया। इसमें कालेज के प्राचार्य डा. पीके गुप्ता को कमेटी का चेयरमैन, मंजुला शर्मा, डा. विद्यासागर शर्मा, डा. शिव दयाल, डा. विपन राठौर को सदस्य नियुक्त किया गया है। छह कमेटियां कालेज परिसर की हरेक गतिविधियों पर नजर रखेगी और नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। कालेज में प्रवेश के लिए हर संकाय के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित की हैं। डा. पीके गुप्ता ने बताया कि कालजों में प्रवेश प्रक्रिया के लिए समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। 20 जून तक बिना लेट फीस के कालेज में प्रवेश होगा तथा 30 जून तक लेट फीस के साथ विद्यार्थी एडमिशन ले सकते हैं।

कालेज में छात्र संगठन भी सक्रिय
एबीवीपी के कैंपस अध्यक्ष भुवनेश कुमार ने बताया कि प्रवेश के दौरान एबीवीपी के कार्यक र्ता छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगे। एबीवीपी कालेज में मार्गदर्शन केंद्र खोलेगी। एसएफआई के जिला सचिव विजय राठौर ने बताया कि एसएफआइ गाइडेंस ब्यूरो लगाएगी। इसके माध्यम से फ्रेशर विद्यार्थियों की हर संभव मदद की जाएगी। एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने बताया कि एनएसयूआई हर वर्ष की भांति इस बार भी प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कालेज में विद्यार्थियों का स्वागत और मार्गदर्शन करेगी।

Related posts