
शिलाई (सिरमौर)। बकरास पंचायत के बमराड़ गांव में एक युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सूरत सिंह (34) पुत्र धर्म सिंह गांव के पास ही मिट्टी खोद रहा था। इसी दौरान पहाड़ी खिसकने से वह मलबे के नीचे दब गया। ग्रामीण जब तक उसे बाहर निकालते वह दम तोड़ चुका था।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को गांव से थोड़ी दूर पर सूरत सिंह मिट्टी निकाल रहा था। अचानक भारी मात्रा में मलबा आने से उसे वहां से भागने तक का मौका नहीं मिला और वह उसमें दब गया। ग्रामीणों ने हालांकि तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया लेकिन दम खुटने से युवक की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शिलाई थाना के प्रभारी बालक राम चौधरी ने मामले की पुष्टी करते हुए बताया कि धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
